Tuesday, January 21, 2025
संदर्भः प्रयागराज महाकुंभ से सुर्खियों में आए आई.आई.टी. (इंजीनियर) बाबा
आईआईटियन, डॉक्टर और सन्यास : जब उच्च शिक्षा ने दिखाया आध्यात्मिकता का मार्ग
देशभर के लाखों विद्यार्थियों के माता-पिता /अभिभावक 10वीं और 12वीं के बाद इंजीनियरिंग अथवा मेडिकल में प्रवेश दिलाकर इंजीनियर अथवा डॉक्टर बनाने का सपना देखते हैं। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आई.आई.टी.) में प्रवेश पाने के लिए आई.आई.टी.-जे.ई.ई. नामक अतिकठिन परीक्षा में चयन होना बहुत दुष्कर कार्य हैं। देशभर से 14 लाख से अधिक विद्यार्थी प्रतिवर्ष आई.आई.टी. प्रवेश परीक्षा में बैठते है जिनमें से मात्र 17 हजार सात सौ चालीस विद्यार्थियों का चयन भारत के शीर्ष आई.आई.टी. संस्थानों में होता है. ठीक इसी प्रकार देशभर से में 24 लाख से अधिक विद्यार्थी एलोपैथिक चिकित्सक बनने हेतु नीट परीक्षा में बैठते है जिनमें से लगभग 80 हजार विद्यार्थी का चयन देश के सरकारी एवं निजी चिकित्सा संस्थानों में डॉक्टर बनने के लिए होता है। आई.आई.टी. को इंजीनियरिंग के क्षेत्र में देश का सर्वश्रेष्ठ कॅरियर माना जाता है एवं आई.आई.टी. से पढ़ाई पूरी करने के बाद करोड़ों रुपयों के पैकेज और विदेश के अतिप्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के अवसर अक्सर इन विद्यार्थियों के लिए खुले रहते हैं। ठीक इसी प्रकार नीट की परीक्षा में चयनित होकर देश के शीर्ष मेडिकल कॉलेज से पाँच वर्षों तक एम बी.बी.एस. एवं उसके बाद पोस्टग्रेजुएशन (एम.डी. या एम.एस.) के दौरान तीन वर्ष तक अति कठोर ट्रैनिंग से गुजरना होता है। लेकिन ऐसे प्रतिस्पर्धी माहौल में कुछ असाधारण उदाहरण सामने आते हैं, जहां आईआईटियन और डॉक्टर अपने जीवन के भौतिक सुखों को त्यागकर आत्मा की खोज के आध्यात्मिक मार्ग पर निकल पड़ते हैं।
हाल ही में प्रयागराज के महाकुंभ के दौरान आई.आई.टी. (इंजीनियर) बाबा के नाम से प्रसिद्ध श्री अभय सिंह की आई.आई.टी. मुम्बई से एरोस्पेस इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर जूना अखाड़े के संत बाबा सोमेश्वर पुरी के के मार्गदर्शन में जारी आध्यात्मिक यात्रा का समाचार विश्वभर के समाचार पत्रों में प्रमुखता से प्रकाशित किया गया है। सोशल मीडिया पर 'आई.आई.टी. बाबा' या 'इंजीनियर बाबा' के नाम से समूचे विश्व में वायरल हो रहा उनका यह ट्रेडिंग वीडियो न केवल आई.आई.टी. मुम्बई से प्रयागराज के महाकुंभ तक उनकी नई आध्यात्मिक यात्रा की अनूठी कहानी दर्शाता है। इसके साथ ही यह अहम बिन्दु सोशल मीडिया एवं समाज में नई चर्चा का विषय बन चुका है कि इन अति प्रतिष्ठित संस्थानों में शिक्षा प्राप्त कर, ऊंचे सपनों और भौतिक उपलब्धियों को हासिल करने के बाद भी, ये पेशेवर सबकुछ त्यागकर क्यों आत्मा की खोज करते हुए शांति और अध्यात्मिकता के उद्देश्य की ओर कैसे बढ़ जाते हैं?
हरियाणा के झज्जर से आई.आई.टी. मुंबई तक का सफर तय करने वाले अभय सिंह की कहानी प्रेरणादायक है। उन्होंने विश्वविख्यात आई.आई.टी. मुम्बई से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की। एक उज्ज्वल करियर उनका इंतजार कर रहा था। लाखों रुपये के पैकेज और विदेशों में नौकरी के अवसर उनकी पहुंच में थे। लेकिन अभय सिंह ने इन सबको छोड़कर सन्यासी बनकर आध्यात्मिकता का मार्ग चुना। उन्होंने भौतिक सुख सुविधाएं त्याग कर आध्यात्मिकता की ओर कदम बढ़ाते हुए गुरु की खोज में देशभर के तीर्थ स्थानों की यात्रा की। आई.आई.टी. बाबा अथवा इंजीनियर बाबा के नाम से विश्वविख्यात हुए अभय सिंह के अनुसार इंजीनियरिंग करते हुए उनका झुकाव दर्शनशास्त्र की तरफ होने लगा। उन्होंने सुकरात, प्लेटो और नियो-पोस्टमॉर्डनिज्म जैसे विषयों पर किताबें पढ़ना शुरू किया। जीवन के गहरे अर्थ को समझने की यह जिज्ञासा उन्हें आध्यात्म की ओर खींच लाई।
आई.आई.टी. बाबा अभय सिंह इस आध्यात्मिक यात्रा में अकेले नहीं हैं। अनेकों अतिप्रशिक्षित व्यक्तियों ने उच्च पदों एवं करोड़ों रूपये के पैकेज को तिलाँजलि देकर आध्यात्मिक को अपनाकर जीवन को नई दिशा में मोड़ा। इस्कॉन (इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस) के प्रमुख आध्यात्मिक मार्गदर्शकों में से एक गौर गोपाल दास, एक समय में एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में इंजीनियर थे। उन्होंने महसूस किया कि जीवन केवल भौतिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है। आज वह लाखों युवाओं और पेशेवरों को प्रेरित कर रहे हैं। उनकी प्रेरक शैली और गहन आध्यात्मिक दृष्टिकोण ने उन्हें एक वैश्विक मंच पर पहचान दिलाई। इसी प्रकार स्वामी मुकुंदानंद, जिन्होंने आई.आई.टी. दिल्ली से स्नातक और आई.आई.एम. कोलकाता से एम.बी.ए. कर कॉर्पोरेट जगत के चकाचौंध भरे जीवन को छोड़कर ‘जगद्गुरु कृपालुजी योग’ नामक एक योग प्रणाली की स्थापना की। स्वामी मुकुंदानंद, के अनुसार भौतिक सफलता और जीवन की हर सुविधा के बावजूद, आत्मा की शांति और आनंद के बिना जीवन अधूरा है। वह आज योग और ध्यान के माध्यम से लाखों लोगों को मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। इसी कड़ी में रसनाथ दास, जिन्होंने आई.आई.टी. से स्नातक और अमेरिका की सुप्रसिद्ध कॉर्नेल यूनिवर्सिटी से एम.बी.ए. किया। उन्होंने वॉल स्ट्रीट की चमक-दमक को छोड़कर आध्यात्मिकता की राह अपनाई। स्वामी रसनाथ दास ने एक संगठन ‘अपबिल्ड’ की स्थापना की, जो आध्यात्मिकता के माध्यम से आंतरिक नेतृत्व और विकास को बढ़ावा देता है।
स्वामी विद्यनाथानंद, (जिन्हें प्रोफेसर महान मित्र अथवा महान महाराज के नाम से जाना जाता है) ने आई.आई.टी. कानपुर और अमेरिका के कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कले में पढ़ाई की। उन्होंने बेलूर स्थित रामकृष्ण मठ के साधु बनने का निर्णय लिया। उनके अनुसार, जीवन की बाहरी सफलता के बावजूद, उन्हें अपने जीवन में एक गहरी कमी महसूस हुई। आध्यात्मिकता ने उनके जीवन के खालीपन को भरने में मदद की। इसी प्रकार श्री संकट पारिख, (जो आई.आई.टी. मुम्बई से केमिकल इंजीनियरिंग में स्नातक हैं) ने एक आकर्षक नौकरी छोड़कर जैन मुनि बनने का निर्णय लिया। उनकी यह यात्रा यह दिखाती है कि जीवन का असली उद्देश्य आत्मा की खोज और शांति प्राप्त करना है।
डॉक्टरों के बीच भी सर्वोच्च त्याग कर आध्यात्मिकता की खोज में निकले ऐसे अनेकों प्रेरक उदाहरण हैं। विश्वविख्यात स्वामी शिवानंद सरस्वती एक प्रसिद्ध योग गुरु और हिंदू आध्यात्मिक शिक्षक थे। डॉक्टर के रूप में अपने करियर की शुरुआत करने वाले स्वामी शिवानंद ने मलेशिया में गरीबों की निस्वार्थ सेवा की। उन्होंने चिकित्सा के क्षेत्र में सफलता हासिल की, लेकिन महसूस किया कि मानव पीड़ा को केवल दवा से समाप्त नहीं किया जा सकता। इस एहसास ने उन्हें सन्यास का मार्ग अपनाने के लिए प्रेरित किया। भारत लौटने के बाद, उन्होंने ऋषिकेश में साधना की और शाश्वत शांति और योग का प्रचार किया। स्वामी शिवानंद को 20वीं सदी के महान योग गुरुओं में गिना जाता है।
एलोपैथिक चिकित्सक से सांसारिक जीवन का त्याग कर आध्यात्मिक चिंतक बने इन्हीं प्रेरक कहानियों में एक नाम आता है सूरत, गुजरात की डॉ. हिना कुमारी हिंगड़ का। अरबपति पिता की बेटी डॉ. हिना ने अहमद नगर यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस परीक्षा में गोल्ड मेडल प्राप्त कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया था। उन्होंने 28 वर्ष की आयु में आध्यात्मिक गुरू आचार्य सुरेश्वर जी महाराज से दीक्षा लेकर, सांसारिक सुखों को त्यागकर जैन भिक्षु बनने का निर्णय लिया। उन्होंने सूरत में पूरे विधि-विधान और जैन परंपरा के अनुसार दीक्षा ग्रहण की। दीक्षा लेने के बाद डॉ. हिना अब साध्वी श्री विशारदमाला के नाम से जानी जाती हैं। डॉ. हिना का यह निर्णय यह दर्शाता है कि आध्यात्मिकता की पुकार व्यक्ति के जीवन में कितना गहरा प्रभाव डाल सकती है। डॉ. हिना के अनुसार उन्होंने भौतिकता से भरे जीवन में खुद को खोया हुआ महसूस किया। आत्मा की शांति और सच्चा उद्देश्य पाने के लिए उन्होंनें जैन धर्म के साधु जीवन को चुना। इसी क्रम में पुणे के एलौपैथिक चिकित्सक डॉ. आदित्य गैत, जो एक सफल मेडिकल प्रैक्टिशनर थे, ने अपनी सफल प्रैक्टिस छोड़कर आध्यात्मिकता की ओर कदम बढ़ाया। वह अब आनंद संघ पुणे के आध्यात्मिक निदेशक हैं और आत्मा की गहराई को समझने के लिए लोगों को प्रेरित कर रहे हैं।
देश एवं विदेश में उच्च शिक्षा के बाद उच्च पदों को त्यागकर इंजीनियर अथवा चिकित्सकों द्वारा आध्यात्मिक मार्ग पर चलते हुए इन उदाहरणों से स्पष्ट होता है कि भौतिक सफलता के शीर्ष पर पहुंचने के बाद भी, मानव आत्मा की सबसे गहरी चाहत आत्मिक शांति और उद्देश्य की होती है। भौतिक सुखों, ऊंचे वेतन, और जीवन की तमाम सुविधाओं के बावजूद, इन पेशेवरों ने महसूस किया कि उनके जीवन में कुछ अधूरा था। ‘मैं कौन हूँ ?, ‘जीवन का असली उद्देश्य क्या है?’, ’मानव जीवन की सच्ची सार्थकता क्या है?, ‘जीवन में भौतिकता से परे परमानंद की प्राप्ति कैसे हो?' जैसे अनगिनत सवाल उनके मन में उठते थे। यह अधूरापन उन्हें बार-बार यह सोचने पर मजबूर करता था कि जीवन का असली अर्थ क्या है। उन्होंने संन्यास का मार्ग अपनाकर इन प्रश्नों का उत्तर खोजने का प्रयास किया। उन्होंने महसूस किया कि मानव जीवन केवल भौतिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है। यह एक ऐसा अनमोल अवसर है, जो आत्मा की गहराई में जाकर उस शाश्वत सत्य की खोज के लिए मिला है जो हर सांसारिक सीमाओं से परे है।
जीवन के इस गहरे अर्थ की खोज, चाहे वह आईआईटियन हों, डॉक्टर हों, या अन्य पेशेवर, यह दर्शाती है कि यह सुरदुर्लभ मानव जीवन अनगिनत रहस्यों से भरा हुआ है। जब ऊंचे वेतन, भव्य जीवनशैली और सभी प्रकार की सांसारिक उपलब्धियां भी उन्हें संतुष्टि नहीं दे सकीं, तब उन्होंने सन्यास लेकर आध्यात्मिकता की ओर रुख किया। आत्मा की खोज की यह विलक्षण यात्रा केवल बाहरी सफलता को त्यागने की नहीं थी, बल्कि अपने भीतर की शांति और परमानंद की खोज थी। उनके अनुसार सन्यासी जीवन की यह विलक्षण यात्रा स्वयं को समझने की यात्रा है। यह अपने भीतर छिपी उस दिव्यता को पहचानने की यात्रा है, जो आत्मा और परमात्मा के संगम में पाई जाती है।
भौतिक सुख सुविधाओं से सन्यास लेकर आध्यमिकता एवं त्याग के इस मार्ग पर अग्रसर इन व्यक्तियों ने यह महसूस किया कि यह दुर्लभ मानव जीवन हमें भौतिक संसार से परे कुछ बड़ा और गहरा अनुभव करने का मौका देता है। यह अनुभव केवल आध्यात्मिकता के माध्यम से ही संभव है। जब उन्होंने अपनी आत्मा से जुड़ने का प्रयास किया, तब उन्होंने पाया कि जीवन का असली उद्देश्य भौतिकता से परे परमानंद की प्राप्ति में है। उन्होंने महसूस किया कि सच्चा सुख और सच्ची शांति केवल आत्मा की गहराई में जाकर उस शाश्वत सत्य को पाने में है, जो हमें इस जीवन के सबसे गहरे अर्थ तक ले जाता है। उनके अनुसार अनमोल मानव जीवन का उद्देश्य केवल भौतिकता में नहीं है। यह उस परमानंद की खोज में है, जो प्रयागराज में संगम पर आयोजित महाकुंभ की तरह, आत्मा और परमात्मा के संगम से उत्पन्न होता है। यह वह यात्रा है, जो हमें हमारे भीतर छिपी दिव्यता को पहचानने में मदद करती है। यह अनूठी यात्रा हमें यह सिखाती है कि जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि अपने भीतर की, अपने अन्तर्मन की खोज है। अपने आप को समझने की यह यात्रा ही जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य है। जब तक हम इस यात्रा पर नहीं निकलते, तब तक हम इस अनमोल जीवन की सच्ची सार्थकता को नहीं समझ सकते।
सांसारिक जीवन का त्याग कर सन्यासी जीवन अपनाकर सभी विलक्षण प्रतिभा के धनी प्रखर व्यक्तित्वों का यही सन्देश है कि आध्यात्मिकता के रहस्यों से भरे इस सुरदुर्लभ मानव जीवन का सर्वोत्तम उपयोग करते हुए हम अपने भीतर के शाश्वत सत्य को पहचानें और उस परमानंद को प्राप्त करें, जो हमें इस जीवन को सार्थक बनाता है। उन सभी की यह विलक्षण यात्रा हमें सिखाती है कि सच्चा सुख और सच्ची शांति केवल आत्मा और परमात्मा के संगम में है। यही जीवन की सबसे गहरी सच्चाई है। यही इस दुर्लभ मानव जीवन की सबसे बड़ी सार्थकता है।
डॉ. सुरेश पाण्डेय, कोटा
नेत्र चिकित्सक, प्रेरक वक्ता, अनेक पुस्तकों के लेखक।
#IITBaba #SpiritualJourney #InnerPeace #Inspiration #LifeBeyondMaterial #आईआईटीबाबा #आध्यात्मिकता #जीवनकासचार्थ #संतुलन #शांति #त्याग #गौरगोपालदास #स्वामीमुकुंदानंद #डॉहिनाकुमारीहिंगड़ #स्वामीशिवानंदसरस्वती #SuViEyeHospital #DrSureshKPandey #DrVidushiSharma
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment